जर्जर दिवाल गिरने से 2 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत,3 बच्चे गंभीर रूप से घायल, गांव में मातम का माहौल


                मृतक मासूम भाई बहेंन की फाइल फोटो 

जर्जर दिवाल गिरने से 2 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत,3 बच्चे गंभीर रूप से घायल, गांव में मातम का माहौल 

अनिल कनौजिया 

बाराबंकी। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गुलचप्पा कलां गांव में दीवार गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। दीवार के नीचे पांच बच्चे दब गये जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए। दोनों मृतक बच्चे सगे भाई बहन थे। घटना के बाद गांव में मातम फैल गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर उपजिलाधिकारी, नायब तहसीलदार और दरियाबाद कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल में जुट गई। पूरा मामला दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गुलचप्पा कलां गांव का है जहां गुरुवार सुबह करीब आठ बजे एक जर्जर दीवाल गांव के रास्ते पर गिर गई। जिससे दीवाल के पास खेल रहे पांच बच्चे उसी के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने दीवाल के नीचे दबे बच्चों को निकाला जिसमें एक बच्चे हुजैफा पुत्र मुस्लिम (उम्र 7 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बनीकोडर सीएचसी में इलाज के दौरान एक लड़की हाजरा बानो पुत्री मुस्लिम (14 वर्ष) की भी मौत हो गई।

 दोनों मृतक आगे भाई बहन थे। इस हादसे में हस्सान पुत्र सलमान (8 वर्ष), हानिया पुत्री सलमान (4 वर्ष), मो० अदनान पुत्र अब्दुल मन्नान (14 वर्ष) घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां हस्सान पुत्र सलमान (उम्र 8 वर्ष) को इलाज के लिए लखनऊ के आइकॉन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक दो साल से दीवाल लटकी हुई थी। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते है रामसनेही घाट उपजिलाधिकारी ब्रजेंद्र कुमार उपाध्याय, नायब तहसीलदार सुधाकर पाण्डेय घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। दरियाबाद कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।