अनिल कनौजिया
सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। तहसील सिरौलीगौसपुर के पारिजात सभागार में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत रसोइया सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुषमा सेंगर ने किया।
समारोह में रसोइयों के हित में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। जिसके अंतर्गत सितंबर माह से रसोइयों का मानदेय 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। रसोइया परिधान की धनराशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी गई है। साथ ही मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड का प्रतीकात्मक वितरण और दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये तक के बीमा कवर की घोषणा की गई।
मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा परिवार के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों के साथ-साथ रसोइयों के हितों के लिए भी लगातार कल्याणकारी निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार उनके सम्मान व सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने रसोइयों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुषमा सेंगर ने सभी रसोइयों को बधाई देते हुए विद्यालयों में पूर्ण मनोयोग एवं निष्ठा के साथ दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान रसोइया मुनका, रामरती, संगीता एवं खुशबू सहित कई अन्य रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड का प्रतीकात्मक वितरण एवं बढ़े हुए मानदेय की धनराशि का चेक वितरित किया गया।
इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह 'बबलू', मंडल महामंत्री अमित भैया रामजी, नायब तहसीलदार दिनेश पाण्डेय सहित शिक्षक उदय प्रताप सिंह, इरफान अहमद, रकीम अंसारी, सौरभ वर्मा, विजय सिंह यादव, शिवा जी, पूजा देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं रसोइया उपस्थित रहीं।



Social Plugin