बाराबंकी को 82 परियोजनाओं की सौगात 542 करोड़ से बदलेगी जिले की तस्वीर, लोधेश्वर महादेव मंदिर में सीएम ने की पूजा अर्चना
अनिल कनौजिया
बाराबंकी रामनगर । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले को 542 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। रामनगर स्थित प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया और 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी ने विपक्षी दलों सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि पहले की सरकारों ने प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अनदेखी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि "पहले प्रदेश में अवैध कट्टे और बम बनाने का कारोबार होता था, लेकिन आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।"उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भारत की बढ़ती सैन्य शक्ति से दुश्मन देशों की नींद उड़ रही है। सीएम ने कहा कि पहले व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहती थी, लेकिन अब कानून व्यवस्था की स्थिति बदल चुकी है।
'कब्रिस्तान की बाउंड्री पर खर्च होती थी रकम'
सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस सरकारों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन सरकारों में जनता का पैसा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के बजाय केवल "कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल" के लिए जारी किया जाता था। अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम, महादेवा, गोला गोकर्णनाथ, महाराजा सुहेलदेव और महाराजा बिजली पासी जैसे ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए धन उपलब्ध नहीं कराया जाता था।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस सोच को बदला है। "पहले कांवड़ यात्रा पर रोक, रामनवमी की शोभायात्राओं पर प्रतिबंध और जन्माष्टमी-दुर्गा पूजा जैसे आयोजनों पर पाबंदी को ही धर्मनिरपेक्षता का मानक माना जाता था। हमारी सरकार ने सभी पर्व-त्योहारों को सम्मान और सुरक्षा के साथ मनवाने का काम किया है।"
लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर बनेगा
मुख्यमंत्री ने लोधेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन के बाद कहा कि उन्हें यहां आकर आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने घोषणा की कि भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर के निर्माण के लिए सरकार ने धनराशि मंजूर कर दी है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
सीएम ने कहा कि बाराबंकी की पहचान भगवान लोधेश्वर महादेव, पारिजात वृक्ष और हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू जैसी ऐतिहासिक धरोहरों से है। लेकिन आजादी के बाद लंबे समय तक इनकी उपेक्षा हुई। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान केडी सिंह बाबू की हवेली बिकने की नौबत आ गई थी, जिसे उनकी सरकार ने बचाकर उसका भुगतान कराया और अब उनकी स्मृतियों को संरक्षित किया जा रहा है। पारिजात वृक्ष के संरक्षण को भी सरकार की प्राथमिकता बताया।
सनातन सुरक्षित तो देश सुरक्षित'
सीएम योगी ने कहा कि भारत की विरासत और सनातन संस्कृति ही देश की असली पहचान है। राजा बलभद्र सिंह, महाराजा लाखन पासी, महाराजा बिजली पासी, महाराजा सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोबिंद सिंह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने देश और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सर्वस्व समर्पित किया।
उन्होंने कहा, "सनातन की मजबूत नींव पर ही भारत का उज्ज्वल भविष्य टिका है। सनातन सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा। यदि सनातन पर खतरा आया तो कोई भी सुरक्षित नहीं रह पाएगा।"
कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालु और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।




Social Plugin