गैस एजेंसी पर आपूर्ति विभाग ने मारा छापा स्टांक में मिला बड़ा हेर फेर, एजेंसी संचालक पर मुकदमा दर्ज
अनिल कनौजिया
रामनगर, बाराबंकी। लोधेश्वर इंडेन गैस एजेंसी में ऑयल कम्पनी एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त जांच के दौरान गैस सिलेंडरों के स्टॉक में भारी अंतर पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के आदेश एवं अनुमति के क्रम में आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act-1955) की धारा 3/7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना कोतवाली रामनगर में तहरीर दी गई है।
जांच के दौरान करेन्ट स्टॉक रिपोर्ट और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक गैस सिलेंडरों की संख्या का मिलान किया गया, जिसमें कई श्रेणियों में सिलेंडर कम एवं कुछ में अधिक पाए गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार घरेलू, व्यावसायिक तथा 5 किलो गैस सिलेंडरों के स्टॉक में अंतर सामने आया।
रिपोर्ट में 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस सिलेंडरों में 78 और 30 सिलेंडर कम पाए गए, जबकि कुछ श्रेणियों में सिलेंडर अधिक भी मिले। इसी प्रकार 19 किलोग्राम व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में भी कमी दर्ज की गई। 5 किलो घरेलू गैस सिलेंडरों में भी स्टॉक रिपोर्ट और वास्तविक उपलब्धता में अंतर पाया गया।
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी थी, जिसके आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि गैस वितरण व्यवस्था में अनियमितता एवं उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना कोतवाली रामनगर में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई किए जाने की तैयारी की जा रही है।

Social Plugin