पेट्रोल पम्प से लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, तिजोरी व नगदी बरामद

पेट्रोल पम्प से लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, तिजोरी व नगदी बरामद 

अनिल कनौजिया 

बाराबंकी। थाना रामनगर क्षेत्र में स्थित ओम सांई फिलिंग स्टेशन (ग्राम दलसरांय) पर हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है पुलिस ने आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही पर 9 लाख 11 हजार 180 रुपये नकद, एक लोहे की तिजोरी तथा घटना में प्रयुक्त साइकिल बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पम्प के कार्यवाहक मैनेजर भानू प्रताप सिंह पुत्र रामराज सिंह निवासी ग्राम चन्दुआपट्टी थाना कधाई हनुमानगंज जनपद प्रतापगढ़ ने 13 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोर द्वारा स्टोर रूम से तिजोरी सहित नकदी चोरी किए जाने की तहरीर थाना रामनगर में दी थी। इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई।

स्वाट, सर्विलांस व थाना रामनगर की संयुक्त टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी मोनू विश्वकर्मा पुत्र रामू विश्वकर्मा निवासी तारापुर गुमान थाना रामनगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेट्रोल पम्प पर हवा भरने का काम करता था और उसे तिजोरी में रखी नकदी की जानकारी थी। लालच में आकर उसने चोरी की योजना बनाई। घटना की रात वह साइकिल से पहुंचा, पहले सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदली और फिर तिजोरी चोरी कर उसे झाड़ियों में मिट्टी के नीचे छिपा दिया।

इस कार्रवाई में स्वाट टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, उपनिरीक्षक अजीजुल हसन, हेड कांस्टेबल अंगद गौड़, जितेन्द्र बहादुर सरोज, मुकेश यादव, कांस्टेबल जरनैल सिंह, अभय कुमार, अंकित तोमर, अभिषेक राजवंशी व नितिन कुमार शामिल रहे। सर्विलांस टीम में उपनिरीक्षक अजय सिंह, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, मजहर अहमद, चन्द्रभान, बृजेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार, प्रवीण शुक्ला, अंकुर व रवीन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही। वहीं थाना रामनगर से प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, निरीक्षक सुभाष चन्द्र यादव, उपनिरीक्षक राज कनौजिया, कांस्टेबल विजयभान, पुनीत कुशवाहा व मानवेन्द्र सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया।