श्रावण के चतुर्थ सोमवार पर शिवालयों में आस्था का सैलाब, प्रशासन रहा मुस्तैद


अनिल कनौजिया 

बाराबंकी। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार पर जनपद के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जलाभिषेक शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न हुआ।श्री लोधेश्वर महादेवा, औसानेश्वर महादेव, बुढ़वा बाबा सहित सभी मंदिरों में सुबह से ही कतारें लगी रहीं। प्रशासन के समन्वित प्रबंधों से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन मिले।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने रविवार रात्रि से ही श्री लोधेश्वर महादेवा रामनगर में रहकर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। मंदिर में प्रवेश-दर्शन-निकास की अलग व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा, मोबाइल शौचालय व पार्किंग सक्रिय रही। भीड़ वाले पॉइंट्स पर लगातार निगरानी रखी गई।

कांवड़ यात्रा को लेकर कांवड़ मार्गों पर यातायात व सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। जगह-जगह सेवा शिविरों में कांवड़ियों को फलाहार, पेयजल और चिकित्सा सहायता दी गई। पुलिस बल ने यातायात को सुचारु रखते हुए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराया।

सम्पूर्ण आयोजन के दौरान जिला व पुलिस प्रशासन की टीमें ग्राउंड पर सक्रिय रहीं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए श्रद्धालुओं, मंदिर समितियों, सेवा संस्थाओं व कर्मचारियों का आभार जताया।